चंडीगढ़ : हरियाणा में सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) की उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने कहा है कि कांग्रेस जो भी वायदा करती है, कहती है, उसे पूरा करती है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह जुमले नहीं छोड़ती और कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों का सारा कर्जा माफ किया जायेगा।
कुमारी सैलजा ने कहा कि किसानों को किसानी-बचानी के लिये एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जायेगा। मजदूरों के लिये मनरेगा की मजदूरी प्रतिदिन 400 रुपये दी जायेगी।
सुश्री सैलजा शुक्रवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बोस्ती में एक सभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि आज लड़ाई संविधान बचाने की है, किसी को भी भ्रष्ट कहकर उस पर एजेंसियों की चाबुक चलाई जाती है, जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाते हैं, अगर वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो जाये, तो वह दूध का धुला हो जाता है। उन्होंने कहा कि गरीब के साथ मजाक किया जाता है, पांच किलोग्राम गेहूं देकर किसी की गरीबी दूर नहीं होती। इस सरकार ने किसानों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं किसी का भी भला नहीं किया। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, नशे की गिरफ्त में आ रहा है, इस बार सोच-समझकर और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए वोट करना है।
उन्होंने कहा, “ इस बार कुमारी सैलजा आपके दरबार में है, सैलजा को चुनाव जिताकर संसद में भेजना है। उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन कृषि क्षेत्र में गहरे संकट की घंटी बजा रहा है। भाजपा/राजग सरकार की प्रतिक्रिया संवेदनहीन और क्रूर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देगी, कृषि लागत एवं मूल्य आयोग को एक वैधानिक निकाय बनाया जायेगा, खरीद केंद्रों और एपीएमसी पर किसान-विक्रेता को देय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सीधे किसान के बैंक खाते में डिजिटल रूप से जमा किया जायेगा। कांग्रेस कृषि वित्त पर एक स्थायी आयोग नियुक्त करेगी जो समय-समय पर कृषि ऋण की सीमा और ऋण राहत की आवश्यकता पर रिपोर्ट देगा।
कांग्रेस के सत्ता में आने पर किसानों का सारा कर्जा होगा माफ
