गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

योगानंद शास्त्री फिर कांग्रेस में लौटे

नई दिल्ली : योगानंद शास्त्री राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी छोड़कर शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। डॉ योगेंद्र शास्त्री ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र यादव तथा पार्टी के दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बावरिया की मौजूदगी में शनिवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान फिर से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। डॉ शास्त्री दिल्ली में शीला दीक्षित सरकार के दौरान मंत्री रहे हैं।
श्री यादव ने योगानंद शास्त्री को कांग्रेस में शामिल करते हुए कहा कि वह निर्मल छवि के नेता है। किन्हीं कर्म से वह पहले कांग्रेस छोड़कर चले गए थे और पिछले दो साल से दिल्ली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे।
उन्होंने कहा,“आज बहुत खुशी का दिन है, क्योंकि योगानंद शास्त्री जी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। योगानंद शास्त्री जी तीन बार विधायक रहे, मंत्री और अध्यक्ष रहे। उन्होंने हमेशा दिल्ली की जनता सेवा की है। शास्त्री जी का ऐसा व्यक्तित्व रहा है, जिन्हें लोग सम्मान की नजर से देखते हैं। उनके आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। योगानंद शास्त्री जी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है।”
दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक योगानंद ने कहा,“शास्त्री जी की बातें देश के हर युवा को प्रेरणा देती हैं। शास्त्री जी को मैं पिछले 10 वर्षों से जानता हूं। राजनीति में इनके जैसा व्यक्तित्व मिलना काफी मुश्किल है। कांग्रेस को शास्त्री जी की उपस्थिति से काफी ताकत मिलेगी। मैं आपका कांग्रेस पार्टी में स्वागत करता हूं।”
डॉ योगानंद शास्त्री ने कहा,“मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मैं आज कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। मैं कभी यहां से दूर नहीं रहा। क्योंकि हमारे सिद्धांत और मान्यताएं एक सी हैं। मैं दीपक बाबरिया जी का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे कांग्रेस से जुड़ने का आग्रह किया।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होना उनके लिए घर वापसी नहीं है क्योंकि जिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में वह थे, उसके विचार और कांग्रेस के सिद्धांत एक ही है। घर वापसी उनकी होती है जो कहीं दूर जाते हैं। वह बगल के ही घर में थे इसलिए कांग्रेस पार्टी में फिर शामिल होना उनके लिए यह घर वापसी नहीं है।
डॉ शास्त्री ने कहा कि कांग्रेस तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच रिश्ते कितने करीबी हैं इसका अनुमान इससे लगाया जा सकता है कि राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अत्यंत प्रतिभाशाली हैं और एक दिन वह देश का नेतृत्व करेंगे तथा यही भावना उनकी सांसद पुत्री सुप्रिया सुले ने भी व्यक्त की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *