गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली में सातों सीटें बड़े अंतर से जीतेंगे

नई दिल्ली : भजनलाल शर्मा ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक में रविवार को कहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी सभी सातों सीटें बड़े अंतर से जीतेंगी और ‘प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी के विजन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 400 पार करेगी।
श्री शर्मा ने आज यहां कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा,“ वर्ष 2014 के पश्चात गरीब कल्याण एवं विकास की योजनाएं, सीमाओं की सुरक्षा, दुनिया में भारत का बढ़ता गौरव, आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्ति होते आम जनता ने देखा है। वर्ष 2014 से पहले क्या हुआ करता था ये भी जनता ने देखा है। जनता में ये विश्वास है कि अगर देश को कोई आगे बढ़ा सकता है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं। इसलिए मैं कह सकता हूं, हमारा कार्यकर्ता भी पूर्ण रूप से विश्वास के साथ जनता के बीच जाकर बात करता है।”
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को जो भी दायित्व देते हैं, वे उसे पूरा करते हैं। कार्यकर्ता पूरे मन से लगे हुए हैं। उन्होंने कहा ,“ कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पूरी मेहनत से लगे हुए हैं। यह देखकर मैं कह सकता हूं कि ‘मोदी जी का विजन और कार्यकर्ताओं की मेहनत‘ से हम 400 पार करेंगे।”
श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थानी प्रवासी हमेशा राष्ट्रवाद, संस्कृति एवं विचार से जुड़ा हुआ है और अपनी माटी को वे भूले नहीं हैं। दिल्ली में ही नहीं पूरे देश में प्रवासी राजस्थानियों की गूंज है। राष्ट्रवाद की विचारधारा से जुड़कर राजस्थानी प्रवासी हमेशा प्रदेश के गौरव को बढ़ाने का काम करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संस्कारित पार्टी है, बाकी कांग्रेस और विपक्षी दल जातिगत एवं पारिवारिक पार्टियां हैं, उनका स्वयं का एजेंडा है, उनके एजेंडे व्यक्तिगत स्तर पर होते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षियों की कोई उपलब्धि नहीं है। श्री शर्मा ने सवालिया लहजे में कहा “मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं, पुराने घोषणा पत्र को देखिए कभी कोई वादा पूरा किया क्या? केवल चुनाव के समय विपक्षी और कांग्रेसी लूट की बात करते हैं।” इस अवसर पर ज़िलाध्यक्ष संजय गोयल सहित भाजपा कार्यकर्ता और वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *