मुरैना : नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज कहा कि पंचायत, नगर पालिका और विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने वाले होते है, जबकि लोकसभा चुनाव राष्ट्र के निर्माण की दिशा को तय करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है।
श्री तोमर, मुरैना संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में सुमावली विधानसभा क्षेत्र के गलेथा एवं अंबाह विस के धनेटा गांव में जन चौपाल कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। श्री तोमर ने कहा कि कांग्रेस एडजस्टमेेंट की राजनीति करती थी। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद श्री मोदी ने दुनिया के देशों के सामने यह साबित किया कि वे वही करेंगे जो देशहित में होगा। यही वजह है कि आज दुनिया भर के देश भारत का लोहा मान रहे है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासन में आतंकवाद चरम पर था।
हालात यह थे कि कश्मीर मेें तिरंगा नहीं फहरा सकते थे, आतंकी आकर तिरंगा को रौंदते और पाकिस्तान का झण्डा फहराकर चले जाते थे। जिसकी वजह सेना के हाथ बंधे होना था। श्री मोदी ने सेना को खुली छूट देकर एक गोली का जबाव दस गोली से देने कहा। नतीजा आज कश्मीर में तिरंगा फहरा रहा है और आतंकी घुटने टेकने पर मजबूर है। श्री तोमर ने कहा कि किसी भी विजय के पीछे संघर्ष और तपस्या होती है, चुनाव में जितना पसीना बहता है, वो विजय के नाम से परिणाम बनकर निकलता है।
