इंफाल : मणिपुर में लगातार मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और करीब 12 लोग घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश के कारण इम्फाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल, नोनी, जिरीबाम, काकचिंग और इम्फाल पूर्वी जिलों में हजारों लोग बेघर हो गये। बिजली और टेलीफोन के खंभे उखड़ जाने के कारण बिजली आपूर्ति ठप है।
इस बीच राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थान मंगलवार तक बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए स्थानीय क्लबों द्वारा कई राहत शिविर खोले गये। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन ने सभी जिलों में हेल्प लाइन नम्बर जारी करने का निर्देश दिया है और सभी प्रभावित लोगों को मंगलवार तक सरकार को दस्तावेज जमा करने के लिए कहा गया है।
मणिपुर में ओलावृष्टि से एक की मौत, करीब 12 घायल
