गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये। पुलिस ने बताया कि मारे गये आतंकवादियों में से एक के ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ का स्थानीय मोस्ट वांटेड कमांडर होने का संदेह है। आतंकवादियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की जा सकी है। उसने बताया कि कुलगाम के रेडवानी पाईन गांव में सोमवार से जारी मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये। आतंकवादी कथित तौर पर एक घर के अंदर छिपे हुए थे।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम संदिग्ध स्थान की ओर पहुंची, तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलायीं।
उन्होंने बताया कि अंधेरा हो जाने के कारण रात में अभियान को रोक दिया गया। सुबह होते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ अभियान फिर शुरू हुआ, जिसमें दो आतंकवादी मारे गये। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
कश्मीर जोन पुलिस ने एक्स पर कहा, “अब तक आतंकवाद विरोधी अभियान में मारे गये दो आतंकवादियों के शव बरामद किये गये हैं। पहचान और संबद्धता का पता लगाया जा रहा है।” कुलगाम में मुठभेड़ की यह घटना ऐसे समय हुई जब कश्मीर में आम चुनाव होने जा रहे हैं। श्रीनगर संसदीय सीट पर 13 मई को मतदान होगा, जबकि बारामूला और अनंतनाग-राजौरी सीट के लिए क्रमशः 20 और 25 मई को चुनाव होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *