रायपुर : विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेताओं के चुनावी अभियान पर बुधवार को निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। श्री साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,“जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूरा चुनाव अभियान ‘विकसित भारत’ के विजन को लेकर है, वहीं मुद्दा विहीन कांग्रेस विशेष कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी, महंत जी जैसे नेताओं ने सिर्फ झूठ और बदजुबानी को ही अपना ध्येय बना लिया है। इन लोगों ने संविधान और आरक्षण पर लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश की, लगातार फर्जी वीडियो वायरल किया, यहां तक कि ‘मोदी की गारंटी’ के तहत हमारी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बंद होने की झूठी अफवाहें भी ये फैलाते रहे।”
श्री साय ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के नफरत का यह हाल रहा कि वे आदिवासियों के खान-पान तक का उपहास करने जैसी नस्लीय टिप्पणी तक करने से बाज नहीं आए। संतोष की बात यह है कि जितना ये कीचड़ फैलाते गये, कमल उतना ही खिलता गया। प्रदेश की जनता-जनार्दन हर ऐसे कृत्य का जवाब देती रही।
उन्होंने दावा किया,“देश में सात में से तीन चरणों में हुए मतदान से तीन बात पूरी तरह स्पष्ट है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी अंतर से विजयी होंगे। भरोसे के संकट से पहले से ही जूझ रही कांग्रेस की विश्वसनीयता शून्य हो जाएगी। जय लोकतंत्र! अबकी बार 400 पार ।” गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। चुनाव के नतीजे चार जून को जारी होंगे।
कांग्रेस मुद्दाविहिन हो चुकी है : साय
