होशियारपुर : बहुजन समाज पार्टी ने पंजाब के होशियारपुर से अपने प्रत्याशी राकेश सोमन का टिकट निरस्त करने की बुधवार को घोषणा की। बसपा के केन्द्रीय संयोजक और पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में पार्टी मामलों के प्रभारी रणधीर सिंह बेनीवाल ने एक बयान जारी कर कहा कि श्री सोमन का टिकट कल निरस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि ऐसा करने का कारण श्री सोमन का वैध मतदाता सूची मुहैया करवाने में विफल रहना है।
श्री बेनीवाल ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से श्री सोमन का नाम आम आदमी पार्टी सरकार के कथित सहयोग से हटाया गया है। कल ही पंजाब बसपा अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी, विधायक नच्छतर पाल और श्री सोमन चंडीगढ़ में मुख्य चुनाव अधिकारी से मिले थे और उन्होंने श्री सोमन के मताधिकार का मुद्दा सुलझाने की अपील की थी।
चुनाव अधिकारी के निर्देश पर श्री सोमन ने एक लिखित शिकायत और नया वोट बनवाने का अनुरोध किया था। उससे पहले पाँच मई को भी श्री सोमन ने ऐसा अनुरोध बूथ लेवल ऑफिसर को किया था। श्री बेनीवाल ने कहा कि इस झटके के बावजूद बसपा होशियारपुर लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी देगी।
