कोलकाता : पश्चिम बंगाल के अलीपुर में जिला निर्वाचन कार्यालय में गुरुवार को नामांकन दाखिले को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हो गयी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोनों पार्टी के नेता लोक सभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे थे। इसी दौरान उनके बीच बहस शुरू हो गयी और बाद में झड़प में बदल गयी। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों गुटों के बीच और अधिक तनाव बढ़ने से रोक दिया।
माकपा नेता फुआद हलीम ने संवाददाताओं से कहा कि जब उनके पांच उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए हाजरा मोड़ से अलीपुर के चुनाव कार्यालय तक समर्थकों की रैली के साथ कारों में जा रहे थे, तभी डीएम कार्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर गोपाल मोड़ पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस दौरान, दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच जमकर बहस हुयी और साथ ही एक पार्टी की ओर से चोर-चोर के नारे लगे।
मुर्शिदाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने बुधवार देर रात डोमकल में माकपा समर्थकों की चार दुकानों को आग लगा दी। इस क्षेत्र में सात मई को तीसरे चरण का मतदान हुआ था। स्थानीय माकपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस कार्यकताओं को हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है ।
माकपा- तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
