रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में शराब के नशे में धुत होकर गोलीबारी करने, बदसलूकी करने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी समेत चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोप है कि सिपाही सचिन कुमार ने शराब के नशे में चौकी में गोलीबारी के साथ धक्का मुक्की और बदसुलुकी की। इस दौरान सिपाही सुभाष कुमार ने भी इस उसका साथ दिया। वहीं, सिपाही अनिल कुमार ने बीच बचाव का प्रयास नहीं किया। चौकी प्रभारी संदीप शर्मा पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। बताया जा रहा है कि जनपद मुख्यालय में प्रशिक्षण के नाम पर वह तीन दिन तक चौकी नहीं आये।
आरोप है कि उन्होंने चौकी से बाहर रूकने के लिये वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति नहीं ली। इस दौरान जमीन से जुड़े विवाद में उपरोक्त पुलिस कर्मी एक पक्ष के लोगों को चौकी ले आये और जब शराब के नशे में उनके साथ बदसलूकी की।
इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के पास जब शिकायत पहुंची, तो मामले से पर्दा उठा। एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी समेत चारों को निलंबित कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने पूरी घटना के उच्चस्तरीय जांच के निर्देश भी दिये हैं। साथ ही कहा कि यदि फरियादियों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई भी अमल में लायी जायेगी।
एसएसपी ने चार पुलिस कर्मियों को किया निलंबित
