भोपाल : मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के नजीराबाद थाना क्षेत्र में आज जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई और लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नजीराबाद इलाके के शुक्ला गांव में जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। तभी दोनाें पक्षों ने एक दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इसी दौरान जसवंत गुर्जर और रंगलाल गुर्जर पर ट्रेक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। दो पक्षों में हुए इस संघर्ष में लगभग एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों का उपचार बैरासिया के सिविल अस्पताल एवं आसपास के निजी अस्पतालों में किया जा रहा है। दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
