रायपुर : छत्तीसगढ़ में शिक्षा मंत्री वृजमोहन अग्रवाल के निर्देश पर स्कूलों में इस बार ग्रीष्मकालीन अवकाश में विद्यार्थियों हेतु समर कैंप का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने कार्य योजना बनानी शुरू कर दी है जिसके तहत सभी स्कूलों को समर कैंप आयोजन के संबंध में गतिविधियां संचालित करने और संबंधित जानकारी विभाग को देने के लिए कहा है। राज्य में आगामी 15 जून तक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रभावी है। इस दौरान छात्र-छात्राओं को रचनात्मक गतिविधियों में संलग्न कर उनमें बहुमुखी कौशल का विकास किया जा सकता है। समर कैम्प में कला क्षेत्र/रचनात्मक क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित करके उनसे छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन / प्रशिक्षण दिलाया जा सकता है।
समर कैम्प में स्कूल के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के पालकों एवं शाला विकास समिति का भी सहयोग लिया जाएगा। समर कैम्प में निम्नानुसार रचनात्मक गतिविधियां जैसे चित्रकारी, गायन, वादन, निबंध / कहानी लेखन, हस्तलिपि लेखन, नृत्य, खेलकूद, अपने गांव / शहर का ऐतिहासिक परिचय आदि का संचालन किया जाएगा। समर कैम्प के आयोजन से पूर्व शाला विकास समिति एवं पालक शिक्षक समिति से सहमति ली जायेगी। यह आयोजन पूर्णतः स्वेच्छिक रहेगा तथा समर कैम्प सुबह 07:00 बजे से 09:30 बजे के मध्य संचालित किए जायेंगे।
छत्तीसगढ़ में ग्रीष्मकालीन अवकाश में लगेगा समर कैंप
