बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक ऑक्सीजन गैस प्लांट में सोमवार को विस्फोट होने से वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना कोतवाली नगर अंतर्गत सफेदाबाद के निकट ऑक्सीजन प्लांट पर सिलिंडर की रिफिलिंग होती है। रोज की तरह आज दोपहर भी काम चल रहा था। इस दौरान प्लांट में अचानक तेज विस्फोट हुआ जिससे आसपास के लोग दहल गए।
स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो प्लांट का टीन शेड उड़ चुका था। मलबा कई सौ मीटर की दूरी तक बिखरा था।प्लांट में काम करने वाले मजदूर मनेरा गांव निवासी लालजी विस्फोट की चपेट में आया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा घायल हो गया । घायल मजदूर को स्थानीय चिकित्सालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बचाव कार्य किया जा रहा है।
