गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चार युवक बेतवा में डूबे, दो के शव मिले

जालौन : उत्तर प्रदेश मेंजालौन जिले के कोटरा क्षेत्र में पिकनिक मनाने सला घाट पर गए चार युवक नहाते समय बेतवा नदी में डूब गए , जिनमें से दो युवकों के शव को बरामद कर लिया है जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जागेश्वर धाम स्थित सला घाट पर उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा निवासी अनुभव बुंदेला, कनिष्क, शिवा और कोमिषय सोमवार शाम पिकनिक मनाने गये थे। गर्मी मिटाने के लिए सभी लोग नहाने लगे। इसी दौरान नहाते समय एक दोस्त का पैर पत्थर से फिसल गया, जिससे वह नदी में गिर गया, उसे बचाने के प्रयास में उसके तीनों दोस्त पहुंचे और वह भी नदी की धारा में आकर फंस गए और गहराई में चले जाने के कारण डूब गए।
उन्होने बताया कि काफी देर होने के बाद जब चारों लड़के कहीं नजर नहीं आए और नदी किनारे लड़कों की गाड़ियां और कपड़े के साथ जूते चप्पल दिखाई दिए, तो वहां मौजूद लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए आसपास के लोगों को सूचना दी, जो मौके पर पहुंचे और उन्हें खोजने का प्रयास किया, मगर कुछ भी पता न चलने पर इसके बारे में पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही कोटरा थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, साथ ही उन्होंने गोताखोरों को बुलाकर नदी के आसपास उन्हें खोजने का प्रयास किया, मगर रात अधिक हो जाने के कारण किसी भी युवक का पता नहीं चल सका, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर उन सभी के परिजनों के नंबर ट्रेस किया और उनके परिजनों को अवगत कराया, सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने कपड़े और गाड़ी की पहचान की।
मंगलवार सुबह एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत करने के बाद दो युवक के शव को बरामद कर लिया, जबकि दो की तलाश में गोताखोर लगे हैं, पुलिस ने जिन दो युवकों के शव को बरामद किया है उनके नाम कनिष्क, अनुभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *