जयपुर : सेवा भारती समिति जयपुर का 13वां श्री राम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन जयपुर में सोलह मई को आयोजित किया जायेगा। अंबावाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 समाजों के 45 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसमें 38 सजातीय और सात जोड़े अंतरजातीय है। विवाह स्थल पर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। खास बात यह है कि विवाह का आयोजन घर जैसे माहौल में होगा।
प्रचार प्रसार प्रमुख ऋतु चतुर्वेदी ने बताया कि 16 मई को सुबह साढ़े सात बजे सभी मेहमान और जोड़े विवाह स्थल पहुंच जाएंगे। अल्पाहार के बाद स्तंभ पूजन और प्रधान पूजा होगी। इसके बाद सियारामदास बाबा की बगीची से गाजेबाजे के साथ सामूहिक बारात निकासी होगी। दूल्हे घोड़ी पर बैठकर विवाह स्थल पहुंचेंगे। यहां तोरण मारने की रस्म के बाद स्टेज पर वरमाला की रस्म होगी। इसके बाद अलग-अलग वेदियों पर पाणिग्रहण संस्कार होगा। प्रीतिभोज के बाद विदाई समारोह होगा।
सेवा भारती समिति राजस्थान के मंत्री गिरधारी लाल शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं को दायित्वों को जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रीराम जानकी सर्व जातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के संयोजक नवल बगडिय़ा, अध्यक्ष नागरमल अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश भारती, मंत्री हनुमान सिंह भाटी, कोषाध्यक्ष हरि कृष्ण गोयल, सह संयोजक गिरधारी लाल शर्मा सहित अन्य सभी पदाधिकारी आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
उल्लेखनीय है कि सेवा भारती समिति राजस्थान ने सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन 2010 में भवानी मंडी में शुरू किया था। अब तक राजस्थान के 22 जिलों के 33 स्थानों पर 2375 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया जा चुका है।
सेवा भारती का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन सोलह मई को होगा
