गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

त्रिपुरा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जुलाई में

अगरतला : त्रिपुरा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आगामी जुलाई के अंतिम सप्ताह में कराये जायेंगे। प्रदेश चुनाव आयोग ने मतदाता सूची और मतदान केन्द्रों का अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है, जिन्हें लोकसभा चुनाव के परिणामों के तुरंत बाद अपडेट किया जाएगा।
आयोग की ओर जारी अधिसूचना में कहा गया कि लोकसभा चुनाव के अंतिम परिणाम के दो दिन बाद ही छह जून को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाना तय है। इसके पश्चात 13 और 18 जून के बीच दावा और आपत्ति स्वीकार किये जायेंगे तथा बाद में दावा किये गये मुद्दों की सुनवाई की जाएगी। इन मुद्दों को जल्द से जल्द निपटाने के बाद 24 जून को मतदाताओं की अंतिम सूची जारी की जायेगी।
प्रदेश चुनाव आयेाग के अधिकारी सरदिंदु चौधरी ने कहा कि एक जनवरी-2024 तक 18 साल की आयु में प्रवेश कर चुके किशोर-किशोरियों के लिये मतदाता सूची में तैयार की जायेगी। ग्राम पंचायत, पंचायत समितियां और जिला परिषद का कार्यकाल जुलाई में पूरा हो जायेगा। इसलिए त्रिस्तरीय पंचायतों की चुनाव प्रक्रिया को कानून के अनुसार समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना है।
श्री चौधरी ने कहा, “हमने त्रिस्तरीय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और समय पर चुनावी प्रक्रिया पूरी होने पर चुनाव कराने के लिए सरकार को प्रस्ताव सौंपेंगे। इस बीच हमने ग्राम पंचायतों का सीमांकन पूरा कर लिया है और नामित ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) ने अगले महीने तक सभी प्रारंभिक कार्यों को पूरा करने की अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।”
उल्लेखनीय है कि सूची में शामिल 591 ग्राम पंचायतों में से प्रशासन ने 16 और नयी पंचायतें जोड़ने का प्रस्ताव रखा। ग्राम पंचायत की 6,011 सीटों, पंचायत समिति की 419 सीटों और जिला परिषद की 116 सीटों पर चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *