गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा के अहंकार को खंड खंड करेगा बुंदेलखंड

जालौन : अखिलेश यादव ने कहा कि चार चरणों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धराशायी हो गयी है और अब पांचवें चरण में बुन्देलखण्ड की धरती भाजपा के अहंकार को खंड-खंड करेगी। गठबंधन प्रत्याशी नारायण दास अहिरवार के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुये श्री यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा ने बुन्देलखण्ड की जनता को धोखा दिया है। भाजपा ने बुन्देलखण्ड के किसानों से आय दोगुनी करने का वादा किया था।

तमाम तरह के सपने दिखाए थे। बुन्देलखण्ड की जनता अपने दुश्मन को पहचानती है। भाजपा की केन्द्र की दस साल और राज्य की सात साल की सरकार ने झूठे वादों और सपनों के अलावा बुन्देलखण्ड उरई जालौन, झांसी, ललितपुर में कुछ नहीं किया। इस लोकसभा चुनाव में बुन्देलखण्ड की जनता भाजपा से हिसाब लेगी। बुन्देलखंड में भाजपा का सूपड़ा साफ कर देगी।
उन्होने कहा कि भाजपा ने महंगाई आसमान पर पहुंचा दी है। खाद, कीटनाशक, डीजल, सिंचाई सब महंगी कर दी लेकिन किसानों की फसलों की कीमत नहीं बढ़ी। भाजपा ने किसानों को हर तरह से लूटने का काम किया है। झूठ और लूट भाजपा की पहचान बन चुकी है। भाजपा की सरकार में हमारा किसान गरीब होता जा रहा है। नौजवानों का भविष्य बर्बाद हो गया। किसान, नौजवान संकट में है। भाजपा की सरकार ने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रूपया कर्ज माफ कर दिया। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा सरकार ने जिस समय कर्ज माफी का फैसला लिया उस समय नीति बना दी कि जिनका पांच करोड़ रूपये से ज्यादा का कर्ज है उन्हीं का कर्ज माफ होगा। बीजेपी ने गरीबों और किसानों को धोखा देने के लिए यह नियम बनाया।
श्री यादव ने कहा कि दिल्ली में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया। हम लोग अपने किसानों, गरीबों का कर्ज माफ करेंगे। कर्ज माफ करने के साथ हम लोग फसलों की एमएसपी के लिए कानूनी अधिकार दिलाएंगे। भाजपा सरकार द्वारा लाए गये तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आंदोलन किया और फसलों की कीमत के लिए, एमएसपी को कानूनी अधिकार के लिए आंदोलन करना पड़ा। आंदोलन में लगभग एक हजार से ज्यादा किसान शहीद हो गये। जब से बीजेपी की सरकार आयी है एक लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों का जीवन बर्बाद किया। भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं के दस पेपर लीक हो गये। इस सरकार ने भर्तियों के लिए तैयारी कर रहे छात्रों का पैसा और समय खराब किया। नौजवान हताश और निराश हो गया है। भाजपा नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं देना चाहती है। इसने जानबूझकर पेपर लीक कराये। सेना की अच्छी खासी नौकरी को अग्निवीर बनाकर फौज की सेवा में जाने वाले युवाओं का भविष्य भी संकट में डाल दिया। हम इंडिया गठबंधन के लोग अग्निवीर योजना को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। जैसे ही इण्डिया गठबंधन की दिल्ली में सरकार बनेगी अग्निवीर योजना हमेशा के लिए खत्म कर देंगे।
उन्होने कहा कि भाजपा किसानों, गरीबों और आम जनता को लूट कर कम्पनियों और उद्योगपतियों को मुनाफा दिलाती है। उसके बाद उन्हीं कम्पनियों और उद्योगपतियों से चुनावी चंदा वसूलती है। भाजपा ने इलेक्टोरल बांड के नाम पर लूट मचायी। दवा कम्पनियों से चंदा लिया। उन कम्पनियों ने दवाओं के दाम बढ़ा दिया। हर दवा की कीमत बढ़ा दी गयी। कोरोना वैक्सीन को लेकर गंभीर रिपोर्ट आयी है। वैक्सीन कम्पनी से चंदा लेकर सबको वैक्सीन लगवा दी। वैक्सीन में कमियां उजागर होने के बाद अब वैक्सीन कम्पनी ने वैक्सीन वापस ले लिया। लेकिन जो वैक्सीन शरीर में लगवा दिया वह कैसे वापस होगा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड से कम्पनियों से बहुत पैसा वसूला है। भारी भ्रष्टाचार किया है। अभी तो चुनावी चंदे वाली पोल खुली है। भाजपा ने दस सालों में हर वर्ग को लूटने का काम किया है। इन्होंने महंगाई बढ़ा कर जनता से पैसा वसूल-वसूल कर कमर तोड़ दी है। देश की गरीब और मध्यम वर्ग जनता का जीवन तबाह कर दिया है। यह सरकार जनता की जान के पीछे तो पड़ी ही है यह संविधान के पीछे भी पड़ी है।
यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। संविधान और देश का लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए सावधान रहना है। भाजपा को हटाना है। भाजपा वोट से नहीं नोट और खोट से चुनाव जीतना चाहती है। भाजपा बेईमानी करती है। सबको अपने वोट और बूथ की रक्षा करनी होगी। भाजपा के लोग वोट को लूटना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *