बस्ती : केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) तथा कांग्रेस का गठबन्धन देश को आगे बढ़ाने के लिए नही है बल्कि इनका मकसद ईमानदार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हटाकर देश की जनता की गाढी कमाई को लूटना है।
कप्तानगंज विधानसभा के शिवपुर में आयोजित चुनावी जनसभा में श्री मौर्य ने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबन्धन देश को विकसित करने के लिए तथा गरीबी हटाने के लिए नही हुआ है बल्कि ये लोग नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी से हटाकर देश को लूटना चाहते है। ऐसा संभव नही है क्योंकि 2014 में मोदी तथा भाजपा नाम की लहर थी तो 2019 में आंधी थी लेकिन 2024 में सुनामी है। इस सुनामी में विपक्ष की जमानत जब्त हो जायेगी।
उन्होने कहा कि अगर केन्द्र तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार न होती तो इतना भव्य राम मन्दिर कभी नही बन पाता और जम्मू कश्मीर से 370 नही हट पाता लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरे विश्व मेेें अपना परचम लहरा रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्गो के लिए निरन्तर कार्य किया है। नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य है कि भारत पूरे विश्व में हमेशा आगे रहे और यहां के लोग आत्म निर्भर रहे, एक समय था गरीबों के पास पक्के मकान नही हुआ करते थे लेकिन वर्तमान समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के गरीबों को छत के साथ-साथ माँ-बहनोें को गैस का कनेक्शन भी दिया गया है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा
नही है। समाजवादी पार्टी (सपा) तथा कांग्रेस पार्टी का डंका पाकिस्तान में बज रहा है ये लोग जब चुनाव आता है तब गरीब, पिछड़ो की बात करते है और वोट लेकर भूल जाते है लेकिन भाजपा की केन्द्र तथा प्रदेश सरकार ने सभी वर्गो के लिए निरन्तर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती तथा राहुल गांधी भगवान श्रीराम का दर्शन करने के लिए अयोध्या इसलिए नही आये कि इनका वोट बैंक नाराज हो जायेगा, लेकिन इन्हें नही पता है कि बस्ती की धरती पर भगवान श्रीराम की प्राप्ति के लिए पुत्रेष्ट यज्ञ हुआ था इस पवित्र भूमि के लोग नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए संकल्प ले लिए है। जो कार्य कांग्रेस सरकार ने 60 वर्ष में नही कर पायी थी उस कार्य को नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद दस साल के भीतर किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का लक्ष्य है कि गरीबी हटाओ देश को आगे बढाओ लेकिन देश को आगे न बढ़ने के लिए समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस ने गठबन्धन कर लिया है, जिनको जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी का सोच है ‘‘सबका साथ सबका विकास लेकिन विपक्ष की सोच मुसलमानों का साथ दंगा, माफियाओं, भष्टाचारियो का विकास’’ इसलिए सपा, बसपा, कांग्रेस की जड़ को समाप्त करने के लिए सभी लोग कमर कस ले जिससे विपक्ष धरासाई हो जाये और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचे।
इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
देश को लूटने के लिए सरकार बदलना चाहती है सपा कांग्रेस
