अजमेर : राजस्थान में अजमेर जिले के किशनगढ़ में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के साथ लूट के मामलें का पुलिस ने 24 घंटों में पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने बताया कि थाना प्रभारी रूपाराम ने कार्यवाही कर नोहरिया बालाजी निवासी बलजीत गुर्जर,नयागांव निवासी राहुल गुर्जर,गांधीनगर थाना क्षेत्र निवासी कमलेश शर्मा,नोहरिया बालाजी निवासी राहुल खींची को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों ने चोरी की स्कॉर्पियो कार से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी राजधानी जयपुर के श्यामनगर से कार की टेस्टिंग ड्राइव के बहाने कार ले भागे।
किशनगढ़ में सिलोरा स्थित खोड़ा माता पेट्रोल पंप पर आरोपियों ने कल लूट की वारदात को अंजाम दिया। स्कॉर्पियो कार में 31 सौ रुपए का डीजल भरवाने के बाद डीजल के रुपये दिये बगैर सेल्समैन के हाथ से 22 सौ रुपये भी लूट कर आरोपी मौके से फरार हो गये थे। पुलिस पकड़े गये आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
पेट्रोल पंप पर लूट के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
