गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी गिरफ्तार

चंडीगढ़ : पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने बुधवार को होशियारपुर जिले के राजस्व हलका पंडोरी सर्कल में बतौर पटवारी तैनात रमेश कुमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त राजस्व अधिकारी को होशियारपुर के गाँव तनूली की निवासी जसविन्दर कौर द्वारा दर्ज करवायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पटवारी उसकी ननद को जीवित होने सम्बन्धी सर्टिफिकेट जारी करने के बदले 15 हजार रुपये की माँग कर रहा है और यह पैसे देने के लिये उसके मोबाइल फ़ोन पर संदेश भेजा है कि यदि जल्द पैसे न दिये तो कुछ दिनों बाद रिश्वत की रकम बढ़ कर 20,000 रुपये हो जायेगी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त पटवारी ने पहले उनकी ज़मीन का इंतकाल राजस्व रिकार्ड में दर्ज करने के बदले उसके पति से 25,000 रुपये की रिश्वत की माँग की थी और इस काम को पूरा करने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत ली थी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक पड़ताल के उपरांत विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिस दौरान उक्त मुलजिम पटवारी को दो सरकारी गवाहों की हाज़िरी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू कर लिया और उसके पास से रिश्वत की रकम भी मौके पर ही बरामद कर ली। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में उक्त मुलजिम के खि़लाफ़ विजीलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *