गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अब पंजाब में बिजली की कोई कमी नहीं

गुरदासपुर : भगवंत मान ने गुरुवार को गुरदासपुर से आम आदमी पार्टी (आप) के लोकसभा उम्मीदवार शैरी कलसी के लिए चुनाव प्रचार किया। मान ने यहां प्रताप बाजवा के विधानसभा क्षेत्र कादियां में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मान ने कहा कि गुरदासपुर के पिछले सांसदों पर जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि गुरदासपुर लोकसभा से अभी तक जितने भी सांसद हुये उनमें से किसी ने भी यहां के लोगों के लिये काम नहीं किया। सभी ने सिर्फ अपना और अपने परिवार का विकास किया।
उन्होंने कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाजवा के मुख्यमंत्री बनने के सपने की भ्रूण हत्या कर दी और इसका दोष वह हम पर लगाते हैं। वह हमारे विधायकों को मोबाइल रिपेयर करने वाला और मेटेरियल बोलते हैं। उन्होने कहा कि बाजवा कहते हैं कि मेरे संपर्क में आम आदमी पार्टी के 32 विधायक है। जबकि उनका सगा भाई भी उनके संपर्क में नहीं है। उन्होंने कहा कि बाजवा का घर पंजाब का एकलौता ऐसा घर है, जिसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों का झंडा लगा हुआ है। दोनों के बीच में सिर्फ कुछ सीढ़ियों का फासला है।
मान ने सुखबीर बादल पर भी हमला बोला और कहा कि वह एसी में रहने वाले लोग हैं। वह टेम्परेचर पूछकर बाहर निकलते हैं। जब बाहर का टेम्परेचर 30-32° होता है तब वह दो घंटे के लिये अपनी पंजाब बचाओ यात्रा निकालते हैं। ऐसे लोग आम लोगों के दुख दर्द को क्या समझेंगे। उन्होंने कहा कि दरअसल प्रताप बाजवा और सुखबीर बादल का व्यवहार राजे-रजवाड़े जैसा है। वे दोनों आम लोगों को कुछ नहीं समझते हैं।
मान ने कहा कि जेल से निकलने के बाद आज श्री केजरीवाल पहली बार पंजाब आ रहे हैं। आज से हमारे प्रचार अभियान को और मजबूती मिलेगी। भाजपा को यह गलतफहमी थी कि श्री केजरीवाल को जेल में डाल कर वह आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि आम आदमी पार्टी एक नदी की तरह है और नदी अपना रास्ता खुद बनाती है। नदी को बहने से नहीं रोका जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पंजाब का पानी बचाने के लिये भी दिन रात काम कर रहे हैं। पंजाब के 59 प्रतिशत खेतों में नहरी पानी पहुंचाया है। मार्च 2022 में जब मैं मुख्यमंत्री बना था, तब सिर्फ 21 प्रतिशत खेतों में नहर का पानी पहुंच रहा था। अक्टूबर तक हम 70 प्रतिशत खेतों में नहरी पानी पहुंचा देंगे, जिसके बाद पंजाब में करीब 6 लाख ट्यूबवेल बेकार हो जाएंगे। फिर सरकार के करीब 5000 से 6000 करोड़ रुपए बचेंगे। उस पैसे से हम अपनी माताओं बहनों को एक हजार रूपये हर महीना देंगे। हम अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने का हिसाब लगाकर बैठे हैं।
मान ने पंजाब के किसानों को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके एक अनुरोध पर 33 प्रतिशत किसानों ने पूसा-44, जिसे तैयार होने में 150 दिन से अधिक का समय लगता है, की बजाय पीआर-126, पीआर-127, पीआर-128 आदि की खेती की, जिससे 477 करोड़ रुपये की बिजली और पांच अरब क्यूसेक पानी की बचत हुई।
उन्होंने कहा कि इस बार भी धान के फसल के लिये किसानों को दिन में ही बिना कट के लगातार बिजली मिलेगी, क्योंकि अब पंजाब में बिजली की कोई कमी नहीं है। अब पंजाब दूसरे राज्यों को बिजली बेचता है। लोगों को संबोधित करते हुये आप उम्मीदवार शैरी कलसी ने कहा कि हम अपनी सरकार के पिछले दो वर्षों में किये कामों के नाम पर वोट मांग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *