नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए 62.2 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन आयोग ने गुरूवार को बताया कि इस चरण के लिए 20 मई को वोट डाले गये थे और सभी 49 सीटों पर 62.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरूषों का मतदान प्रतिशत 61.48 जबकि महिलाओं का 63 प्रतिशत रहा। इसके अलावा उभयलिंगी मतदाताओं का प्रतिशत 21.96 रहा।
आयोग के अनुसार सबसे अधिक 78.45 प्रतिशत मतदान पश्चिम बंगाल में दर्ज किया गया। बिहार में 56.76, जम्मू कश्मीर में 59.10,झारखंड में 63.21, लद्दाख में 71.82, महाराष्ट्र में 56.89, ओडिशा में 73.50 और उत्तर प्रदेश में 58.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया।
आयोग ने बताया है कि ओड़िशा के कंधमाल में दो मतदान केन्द्रों पर आज पुनर्मतदान हो रहा है इसलिए मतदान का प्रतिशत और बढेगा। पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा और बिहार की पांच-पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट के लिए वोट डाले गये थे।
पांचवें चरण के मतदान के साथ कुल 543 सीटों में से 428 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। पहले चरण में 102, दूसरे में 88, तीसरे में 93 , चौथे में 96 और पांचवें चरण में 49 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव कराये गये हैं। छठे और सातवें चरण में क्रमश: 25 मई और एक जून को मतदान कराया जायेगा। मतगणना चार जून को होगी।
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 62.2 प्रतिशत मतदान
