चंपावत/नैनीताल : श्री बदरीनाथ धाम के लघु स्वरूप चंपावत के पौराणिक वैष्णव शक्ति धाम के कपाट गुरुवार को विधि विधान से खुल गये हैं। बैशाखी पूर्णिमा के अवसर पर महर पिनाना गांव के चार तोकों के लोगों की मौजूदगी में पूर्ण धार्मिक विधि विधान से आज कपाट खोले गए।
इस अवसर पर वैष्णव मंत्रों, स्त्रोतों, कोवारि पूजन के साथ हवन यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी एवं कुल पुरोहित पंडित शंकर दत्त द्वारा पूजा अर्चना की गई। जिला अधिकारी नवनीत पाण्डे विशिष्ट रीति-रिवाजों और पारंपरिक अनुष्ठानों के साक्षी बने। वह इस सुरम्य एवं दिव्य स्थल से काफी अभिभूत हुए और उन्होंने यहां विकास की संभावनाओं को भी तलाशा। शक्ति धाम में जिलाधिकारी के पहली बार पधारने पर स्थानीय लोगों एवं महिलाओं द्वारा भावपूर्ण स्वागत किया गया।
इस अवसर वैष्णव शक्तिधाम की शोभायात्रा के साथ ही महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। मंदिर के कपाट कार्तिक पूर्णिमा तक खुले रहेंगे। यहां के पारंपरिक चार तोक भींगराडा, बिरगुल, तलमाटा, महर पिनाना की ओर से विश्व कल्याण के लिए यज्ञ किया गया। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन इस धाम को मानसखंड मंदिर माला में शामिल करने, सड़क मार्ग से जोड़ने, मंदिर का सौंदर्यीकरण और धर्मशाला निर्माण की मांग की।
बदरीनाथ धाम के लघु स्वरूप वैष्णव शक्ति धाम के कपाट खुले
