जयपुर : राजस्थान में प्रचंड गर्मी एवं लू का दौर जारी है और शनिवार को फलौदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। प्रदेश में 20 से अधिक स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से लेकर 50 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने से प्रदेश में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हो गए और इससे बचने के लिए घरों से बाहर कम निकले और रास्ते में छाया तलाशते नजर आये।
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार शनिवार को फलौदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था और प्रदेश में फलौदी सबसे गर्म स्थान रहा।
इसी तरह बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा जबकि जैसलमेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिकता के साथ 48 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 47.2, चुरू में 47, जोधपुर शहर एवं जालोर में 46.9, फतेहपुर में 46.7, कोटा में 46.3, पिलानी में 46.2 एवं वनस्थली में 45.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को फलौदी में अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राजस्थान : अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
