गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केरल में अगले चार दिनों में दस्तक देगा मानसून

नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन-चार दिनों में केरल और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में पहुंचने वाला है, जिससे देश भर में भीषण गर्मी और लू की तपिश से बेहाल लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा कि पूर्वी बंगलादेश से अब चक्रवात रेमल पूर्व-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ गया है। शक्तिशाली तूफान मंगलवार शाम तक पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्र में चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर हो जाएगा।
दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल और बंगलादेश से गुजरने के बाद अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विभाग अधिकारियों ने कहा, “मंगलवार को पूर्वी असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।” उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में चल रही गंभीर लू के 30 मई से धीमा पड़ने के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों सहित राजस्थान के अधिकांश हिस्सों और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार और बुधवार को गंभीर लू चलने के आसार हैं। बाद में, धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। गर्म और आर्द्र मौसम की स्थितियां बुधवार तक गुजरात,ओडिशा और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बने रहने का अनुमान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *