गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली सरकार ने पानी बर्बाद करने वालों पर जुर्माना लगाने का दिया निर्देश

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने बुधवार को दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजधानी में पानी की कमी को रोकने के लिये पानी का दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाये और सभी अवैध पानी कनेक्शन काट दिये जायें।
दिल्ली की कैबिनट मंत्री आतिशी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार पानी की बर्बादी और अवैध पानी के कनेक्शनों पर नकेल कसने के लिये दिल्ली जल बोर्ड की 200 टीमें कल सुबह आठ बजे से राजधानी में तैनात की जायेंगी।
सुश्री आतिशी ने एक बयान में कहा, “दिल्ली में झुलसाने वाली भीषण गर्मी पड़ रही है और पानी की आपूर्ति में कमी आयी है क्योंकि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी जारी नहीं कर रहा है। ऐसे में जल का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। अमूमन देखा गया है कि दिल्ली के कई हिस्सों में पानी की गंभीर बर्बादी होती है। घरेलू उपयोग के लिये जल आपूर्ति के लिये निर्माण स्थलों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों द्वारा अवैध कनेक्शन भी लिये गये हैं। इस तरह के अवैध कनेक्शनों और पानी की बर्बादी करने वालों पर नकेल कसने की सख्त जरुरत है।”
सुश्री आतिशी ने दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ को पाइप से कारों की धुलाई, पानी की टंकियों के ओवरफ्लो होने, निर्माण या व्यावसायिक उद्देश्यों के लिये घरेलू जल आपूर्ति के उपयोग पर रोक लगाने के लिये तुरंत पूरी दिल्ली में 200 टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *