गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पाकिस्तान के एटम बम से डराते हैं कांग्रेसी: शाह

सोनभद्र : अमित शाह ने बुधवार को कहा कि कांग्रेसी देश को पाकिस्तान के एटम बम का भय दिखाते हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मजबूत सरकार के होते जनता पड़ोसी देश के बम से नहीं डरती।
सोनभद्र के चोपन क्षेत्र में राबर्ट्सगंज लोकसभा सीट से एनडीए गठबंधन प्रत्याशी रिंकी कोल व दुद्धी विधानसभा उप चुनाव के भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोड़ के लिए आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने कहा “ कांग्रेस वाले हमे डराते हैं और कहते हैं कि पाकिस्तान के पास एटम बम है। पीओके की बात मत करो , हम भाजपा वाले एटम बम से नहीं डरते हैं। पीओके भारत का है , रहेगा और हम इसको लेकर रहेंगे। ”
उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर में तिरंगा फहराने का काम किया और आतंकवाद को समाप्त करने का काम किया। कांग्रेस के शासन में दस साल तक आलिया , मालिया , जमालिया भारत में घुस जाते थे और बम धमाके करते थे। कोई कुछ नहीं कर पता था। मोदी सरकार में पुरी और पुलवामा हमला हुआ तो आतंकवादियों के घर में घुस कर उनका ख़ात्मा किया गया। पीएम मोदी ने देश को सुरक्षित किया है। आतंकवाद और नक्सलवाद को ख़त्म किया ।
श्री शाह ने कहा कि यह चुनाव राम भक्तों पर गोली चलाने वालों और राम का मंदिर बनाने वालों के बीच है । सोनभद्र में सपा ने अवैध खनन कराकर आदिवासियों का हक छीना है । नरेंद्र मोदी ने अलग से फंड बनाया है जो खनन से आये धन से आदिवासियों के विकास के काम आ रहा है । भाजपा ने ग़रीबों के लिए काम किया । सपा और कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ के घोटाले किए ।
उन्होने कहा कि सपा के शासन में उत्तर प्रदेश में माफिया परेशान करते थे। 2022 में भाजपा की सरकार बनी और यूपी में योगी मुख्यमंत्री बने और उन्होंने माफियाओं को उल्टा लटकाने का काम किया । माफिया की हिम्मत नहीं है कि ग़रीबों की भूमि पर क़ब्ज़ा कर सके । पूर्वांचल को भाजपा ने मच्छर और माफिया से मुक्त करवा दिया। एक समय में यूपी में देशी कट्टे बनते थे लेकिन आज ब्रह्मोस मिसाइल और तोप के गोले बन रहे हैं। कट्टे की जगह डिफ़ेंस कॉरिडोर और बूचड़ खानों की जगह गोशालाएँ बन रही हैं ।
श्री शाह ने कहा कि सपा के शासन में रमजान पर तो बिजली आती थी लेकिन जन्माष्टमी पर बिजली नहीं आती थी । कांग्रेस पार्टी पिछड़ा विरोधी है उन्होंने ग़ैर संवैधानिक रूप से कर्नाटक में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को मुसलमानों को दिया। भाजपा का एक भी सांसद जब तक है हम पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को हाथ नहीं लगाने देंगे । उत्तर प्रदेश में मोदी ने 14 एक्सप्रेस वे का जाल बिछाया। 7000 किलोमीटर से 12000 किलोमीटर तक पहुँचाया । उन्होंने कहा कि ग़रीबों आदिवासियों का पैसा डकार कर विरोधी चुनाव लड़ने निकले हैं । राहुल गांधी को चैलेंज किया कि आदिवासियों का हक़ छीन कर दिखाएं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *