गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आम चुनाव के अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे तक 49.68 प्रतिशत मतदान

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में आठ राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर शनिवार को अपराह्न तीन बजे तक औसतन 49.68 प्रतिशत मतदान हुआ।
सभी सीटों के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक चलेगा। देश के विभिन्न अंचलों में तेज गर्मी और लू के बावजूद कई मतदान केंद्रों पर मतदातओं की लम्बी कतारें देखी गयीं।
चुनाव आयोग ने बताया कि सातवें और अंतिम चरण में संबंधित राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में अपराह्न तीन बजे तक 49.68 प्रतिशित और ओडिशा विधानसभा के चौथे एवं अंतिम चरण के मतदान में बाकी 42 सीटों पर 49.77 प्रतिशत वोट डाले गये थे।
अपराह्न तीन बजे तक झारखंड में सर्वाधिक 60.14 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि बिहार में सबसे कम 42.95 प्रतिशत मत पड़े हैं।
आयोग के सूत्रों के अनुसार कई मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें देखी गयी हैं, पश्चिम बंगाल और पंजाब में कुछ जगह विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच छिट-पुट टकराव की घटनाओं को छोड़कर सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण है। कुछ जगह इलेक्ट्रानिक मतदान मशीनों में खराबी से मतदाताओं को परेशानी हुई।
आयोग ने तेज गर्मी में मतदाताओं की सुविधा के लिये मतदान केंद्रों पर पेयजल और छाया की सुविधायें करायी हैं। पश्चिम बंगाल में कुछ मतदान केंद्रों के बाहर छिटपुट हिंसा और मतदान एजेंटों को भगाने के प्रयासों की रिपोर्टें सामने आयी हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के खलीनी में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खराब होने से मतदान करीब डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुआ। मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर में पांच बूथों में मतदाताओं को उस समय परेशानी झेलनी पड़ी, जब इलेक्ट्रॉनिक वाेटिंग मशीन (ईवीएम) खराब हो गयी।
पंजाब के जालंधर के गांव मंसूरपूर मंडाला के पोलिंग बूध पर खूनी झड़प में आप के कार्यकर्ताओं ने तेजधार हथियारों से हमला कर एक पोलिंग एजेंट तजिंदर सिंह को घायल कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोलिंग बूथ पर आप के कार्यकर्ताओं ने तेजधार हथियार से हमला कर तजिंदर सिंह को घायल कर दिया है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में 12 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज किया है।
जालंधर के गोराया में ईवीएम खराब होने से 45 मिनट तक मतदान रुका रहा। आमदपुर में खूनी झड़प में मंसूरपुर बटाला गांव में पोलिंग बूथ कांग्रेस के पालिंग एजेंट की बेरहमी से पिटायी कर दी गयी। एजेंट को घायल अवस्था में आदमपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। अमृतसर के अजनाला विधानसभा के बूथ नंबर 100 में वोटिंग मशीन खराब हो गई। इससे लोग भड़क गये और उन्होंने हंगामा किया।
फरीदकोट में मतदान केंद्र पर वोट देने आये कुछ लोगों की महिला बीएलओ से बहस हो गयी, जिसके बाद महिला बेहोश हो गयी और गिर गयी, उसे अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत अब स्थिर है। इससे पहले फरीदकोट में सुबह तेज आंधी के कारण पोलिंग बूथ का शेड उड़ गया, जिससे वहां ड्यूटी दे रहे कर्मचारी बाल-बाल बच गये।
लुधियाना, गुरदासपुर और बठिंडा में ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान में देरी हुई। बठिंडा में ईवीएम के खराब होने के कारण आप उम्मीदवार और मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां को वोट डालने के लिये इंतजार करना पड़ा।
सातवें चरण में विभिन्न राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों में मतदान प्रतिशत अपराह्न तीन बजे तक इस प्रकार रहा…..
राज्य/ केंद्रशासित प्रदेश….मतदान प्रतिशत
बिहार ………………………..42.95
चंडीगढ……………………….52.61
हिमाचल प्रदेश……………….58.41
झारखंड……………………….60.14
ओडिशा……………………….49.77
पंजाब………………………….46.38
उत्तर प्रदेश…………………….46.83
पश्चिम बंगाल…………………58.46
ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिये अंतिम चरण में आज आठ जिलों में 49.77 मतदान हुआ है। अपराह्न तीन बजे तक कटक जिले में सबसे अधिक 53.60 प्रतिशत और जाजपुर जिले में सबसे कम 48.80 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा बालासोर में 53.02, भद्रक में 45.82, जगतसिंहपुर में 51.17, केन्द्रपाड़ा में 44.20, मयूरभंज में 52.72 प्रतिशत और पुरी में 52.90 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अलावा अन्य राज्यों में विधान सभा उपचुनाव में बिहार की अगिआंव सीट पर 38.30 प्रतिशत, हिमाचल प्रदेश की बडसर पर 47.00, लाहौल एवं स्पीति में 67.08, गगरेट में 56.78, सुजानपुर में 56.85, कुटियाहार में 60.20, धर्मशाला में 53.98, उत्तर प्रदेश- की दुद्धी में 48.28 और पश्चिम बंगाल के बारानगर में 53.40 प्रतिशत मतदान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *