सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की पुलिस ने शनिवार को केरलापाल थाना क्षेत्र में सक्रिय एक हार्डकोर सहित तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्त्तार नक्सली सुकमा जिले चिंतलनार थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिमेल के निवासी है। नक्सलियों को गिरफ्तार करने में जिला बल, डीआरजी सुकमा एवं 206 कोबरा वाहिनी सूचना शाखा की विशेष भूमिका रही।
पकड़े गये संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने पर अपना नाम माडवी जोगा (22) पिता माडवी पोदिया सुरपनगुड़ा आरपीसी मिलिशिया डिप्टी कमाण्डर, निवासी सिमेल ग्राम पंचायत नागाराम थाना चिंतलनार, मुचाकी नंदा (20) पिता मुचाकी हिड़मा सुरपनगुड़ा आरपीसी डीएकेएमएस सदस्य, साकिन सिमेल ग्राम पंचायत नागाराम थाना चिन्तलनार तथा माड़वी हिड़मा (32) पिता माड़वी भीमा डीएकेएमएस सदस्य निवासी सिमेल ग्राम पंचायत नागाराम थाना चिन्तलनार जिला सुकमा का होना तथा नक्सल संगठन में उपरोक्त पदों पर कार्य करना बताया गया।
पकड़े गये नक्सलियों के कब्जे से एक नग टिफिन बम वजनी लगभग तीन किग्रा. चार नग डेटोनेटर, एक नग बैटरी, 10 मीटर लगभग इलेक्ट्रिक वायर व एक मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद किया गया। बरामद सामाग्री के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा बड़े नक्सली कमाण्डरों के कहने पर पुलिस पार्टी को नुकसान पंहुचाने के उद्देश्य से रखना बताया।
छत्तीसगढ़ में हार्डकोर समेत तीन नक्सली गिरफ्तार
