गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रामोजी राव का रविवार को अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से किया जाएगा

हैदराबाद : ईनाडु मीडिया समूह के अध्यक्ष एवं रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव का अंतिम संस्कार रविवार को यहां रामोजी फिल्म सिटी के पास राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईटीवी नेटवर्क के अध्यक्ष रामोजी राव (87) का एक कॉर्पोरेट अस्पताल में उपचार चल रहा था जहां आज तड़के उनका निधन हो गया।
राज्य की कांग्रेस सरकार ने मीडिया टाइकून रामोजी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को श्री राव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्देश दिया। श्री रेड्डी अभी कांग्रेस कार्यकारणी समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी गये हुए हैं।
आंध्र प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री नारा चन्द्रबाबू नायडू श्री राव को रामोजी फिल्म सिटी में श्रद्धांजलि देने के लिए हैदराबाद पहुंचेंगे। वह इस समय राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद हैं। जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण जल्द ही श्री राव को श्रद्धांजलि देने के लिए हैदराबाद आएंगे। श्री कल्याण इस समय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली गये हुए हैं।
श्री के निधन से आहत तेलुगु फिल्म चैंबर ने शोक की घोषणा की और रविवार को सभी तेलुगु फिल्मों की शूटिंग रद्द करने का फैसला किया है। इस महान सख्शियत ने कई निर्देशकों, अभिनेताओं और तकनीशियनों को पहचान दिलाई जो अपने करियर में बेहद सफल रहे और स्टार बनकर उभरे। इसके अलावा उन्होंने एक विश्व स्तरीय स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी भी बनाया जिसमें फिल्म शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए व्यापक स्थान है। जहां बाहुबली, केजीएफ और पुष्पा की शूटिंग हुई थी। एशिया के सबसे बड़े स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी में कई बॉलीवुड फिल्मों की भी शूटिंग हुयी है।
श्री राव की सबसे बड़ी उपलब्धि वर्ष 1996 में बनाई गई रामोजी फिल्म सिटी को माना जाता है। यह 1666 एकड़ में फैली है। यह न केवल फिल्म स्टूडियो है, बल्कि पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी है। इसमें बड़े-बड़े फिल्म सेट, गार्डन, होटल और फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं हैं। श्री राव को श्रद्धांजलि देने के लिए कई शीर्ष हस्तियां, मीडियाकर्मी और राजनेता भी रामोजी फिल्म सिटी पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *