गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मेरठ में महिलाओं ने मासूम का अपहरण कर हत्या की

6 साल के बच्चे के हाथ-पैर बांधे, गला कसा, मुंह में गन्ना ठूंसकर तोड़ दिया
मेरठ।
मेरठ में अपहरण के बाद 6 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह घर के पास से खेलते समय बच्चे का अपहरण हुआ। दोपहर में गन्ने के खेत में शव मिला। बच्चे को निर्मम तरीके से मारा गया। शव के हाथ-पैर और गले में रस्सी बंधी थी। मुंह में गन्ना ठूंसकर तोड़ दिया गया था। आगे के 2 दांत टूटे हैं। नाक से झाग निकल रहा था। शव के पास ही बच्चे की चप्पल पड़ी थी।
परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शक के आधार पर पड़ोसी महिलाओं को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी महिलाओं की निशानदेही पर शव गन्ने के खेत से बरामद किया। महिलाओं के घर से एक लेटर मिला है। जिसमें 50 लाख की फिरौती की बात लिखी है। घटना इंचौली थाने के धनपुर गांव की है।
मृतक बच्चे का नाम पुनीत उर्फ कान्हा यादव (6) है। उसके पिता गोपाल यादव यूपी पुलिस में सिपाही हैं। अभी सहारनपुर में तैनात हैं। पड़ोसियों से जमीन के विवाद में हत्या हुई है।
पड़ोसी महिलाओं की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि इंचौली के धनपुर गांव से सुबह 10: 30 बजे 6 साल के बच्चे के गायब होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार ने पड़ोसी महिलाओं पर बच्चे को गायब करने का शक जताया। पुलिस ने पड़ोसी महिलाओं से पूछताछ की गई तो उन्होंने हत्या की बात कबूल की। उनकी निशानदेही में दोपहर में गन्ने के खेत से शव मिला।
जमीन के विवाद और पैसों के लालच में हत्या
पुलिस ने आरोपी महिला के घर की तलाशी ली। उसके घर से एक लेटर मिला, जिसमें 50 लाख रुपए फिरौती मांगने की बात लिखी हुई थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके परिवार के ही किसी ने हत्या करवाई है। पैसों के लालच और जमीन के विवाद में हत्या कराई गई है।
आरोपी 3 महिलाएं और एक महिला का पति अरेस्ट
अपहरण और हत्या की सूचना पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीओ नवीना शुक्ला, एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। तीन थानों की फोर्स भी बुलाई। पुलिस ने आरोपी 3 महिलाओं और एक महिला के पति को अरेस्ट कर लिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव को देखकर लग रहा है कि पहले बच्चे का हाथ-पैर रस्सी से बांधा गया। फिर उसके मुंह में गन्ना ठूंसकर तोड़ दिया। इसके बाद रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर काफी संख्या में फोर्स तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *