बीकानेर : राजसथान में बीकानेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध प्रवेश एवं अवांछनीय गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी नम्रता वृष्णि ने निषेधाज्ञा अगले दो महीने तक बढ़ाने के आदेश दिये हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आदेश के तहत जिले से लगने वाली अन्तरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करों, घुसपैठियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों के अवैध प्रवेश एवं अन्य अवांछनीय गतिविधियों की आशंका के चलते यहां स्थाई निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
सूत्रों ने बताया कि जिले की अन्तरराष्ट्रीय सीमा के निकट विभिन्न स्थानों में स्थित पीसीओ के माध्यम से आपराधिक एवं अवांछनीय गतिविधियों में लिप्त व्यक्ति इन केन्द्रों पर जाकर दूरसंचार के माध्यम से महत्वपूर्ण सूचनाएं उन लोगों को भेजे जाने की भी आशंका है, जो भूमिगत होकर देश एवं राज्य की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली गतिविधियों में लिप्त हैं।
सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही सीमा के नजदीक पाकिस्तानी इलाके में लगे मोबाइल टावरों का नेटवर्क भारतीय सीमा के अन्दर तीन चार किलोमीटर तक आने के कारण भी राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरे को देखते हुए पाकिस्तानी लोकल सिम का उपयोग करने या पीसीओ से सम्पर्क या सूचना देने की आशंका के मद्देनजर रात्रिकालीन विचरण पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई गई है।
सीमावर्ती क्षेत्र में निषेधाज्ञा दो महीने के लिये बढ़ाई
