चंपावत/नैनीताल : उत्तराखंड के चंपावत जिला प्रशासन की ओर से मानसून काल में सुरक्षा की दृष्टि से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-09 को आगामी एक जुलाई से अगले आदेश तक रात में यातायात के लिये बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
चंपावत के जिलाधिकारी नवनीत पांडे की ओर से जिला सड़क सुरक्षा समिति की शनिवार को आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि आगामी एक जुलाई से चंपावत से घाट तक शाम को छह बजे से सुबह छह बजे तक यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार चंपावत से टनकपुर तक शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। साथ ही ककराली गेट से चंपावत तक शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक वाहनों के आने जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
एनएच-09 चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के लोगों की लाइफ लाइन है और इस निर्णय से पिथौरागढ़, चंपावत और लोहाघाट जाने वाले हजारों लोग प्रभावित होंगे। यह भी कहा गया कि आदेश की नाफरमानी करने वाले चालकों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिये आगामी 15 सितम्बर तक भारतोली और सूखीढांग विश्राम गृह में तत्काल अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जायेंगी।
यह भी कहा गया कि वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये जिले में प्रवर्तन की कार्यवाही हेतु अभियान चलाया जायेगा। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में निर्मित वाहन पार्किंग को भी एक सप्ताह के अंदर नगर निकायों को हस्तांतरित कर जल्द ही उनका संचालन किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने ओवर लोडिंग पर रोक लगाये जाने के लिये परिवहन विभाग को शीघ्र ही धर्मकांटा स्थापित करने के निर्देश दिये और बिना हेलमेट, ओवर स्पीड, नशे में वाहन चलाने वालों, ओवर लोडिंग के साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना की रोकथाम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिये समय-समय पर विभाग जन जागरूकता अभियान भी संचालित करे।
टनकपुर-चंपावत एनएच एक जुलाई से रात में वाहनों के लिये रहेगा बंद
