शिलांग : मेघालय के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण सोमवार को भूस्खलन होने एवं बाढ़ आने से मकान और संपत्तियां क्षतिग्रस्त हो गईं लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
इस बीच मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने अगले कुछ दिनों में और अधिक बारिश होने के मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर राज्य की तैयारियों का आकलन करने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के लुमशनोंग क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-6 का एक हिस्सा अचानक आई बाढ़ के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के कार्यकारी निदेशक मत्सिएवदोर वार नोंगब्री ने कहा,“मरम्मत कार्य पूरा होने तक सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पानी का बहाव रुकते ही डायवर्सन रोड पर मरम्मत का काम तुरंत शुरू हो जाएगा।”
राष्ट्रीय राजमार्ग-6 न केवल असम और मेघालय को जोड़ता है बल्कि इसे त्रिपुरा, मिजोरम और दक्षिणी असम की बराक घाटी की जीवन रेखा भी माना जाता है। श्री नोंगब्री ने कहा कि पश्चिमी खासी हिल्स जिले के नोंगस्टोइन-शिलांग राजमार्ग पर तिएहसॉ में दो भूस्खलन हुए। नतीजतन ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
उन्होंने बताया कि इसी जिले के पारियोंग में तथा पूर्वी पश्चिमी खासी हिल्स जिले के मावथाद्राइशन ब्लॉक के अंतर्गत लॉबिर्टुन-रंगिकसेह सड़क, री-भोई जिले के उमबांग क्षेत्र तथा पश्चिमी गारो हिल्स जिले में भी भूस्खलन हुआ।
मेघालय में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़
