गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कुलगाम मुठभेड़ में एक जवान शहीद

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच चल रही मुठभेड़ में सेना की विशिष्ट इकाई का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है जब पिछले शनिवार को अनंतनाग जिले में नुनवान-पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के कारण पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी है।
उन्होंने कहा कि मुठभेड़ कुलगाम के मोदरगाम गांव में उस समय शुरू हुई जब आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें इलाके में घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो) चला रही थीं। एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, “सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें पर गोलीबारी होते ही जवाबी कार्रवाई की गयी और मुठभेड़ शुरू हो गयी। मुठभेड़ शुरू होते ही आंतकवादियों की गोलीबारी में एक सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को एक चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।”
अधिकारी ने कहा कि अतिरिक्त बलों को इलाके में भेजा गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आतंकवादी घेराबंदी तोड़कर फरार न हो सकें। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बल अपना काम कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, “मुठभेड़ कुलगाम जिले के मोदरगाम गांव में शुरू हुई। पुलिस और सुरक्षा बल आतंकवादियों का माकूल जवाब दे रहे हैं। विस्तृत जानकारी दी जायेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *