गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शाह ने अहमदाबाद में अमीन पीजेकेपी विद्यार्थी भवन का किया लोकार्पण

गांधीनगर : अमित शाह ने तथा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में अहमदाबाद श्री कडवा पाटीदार समाज के अत्याधुनिक सुविधाओं से सज्ज अमीन पीजेकेपी विद्यार्थी भवन का रविवार को लोकार्पण किया।
श्री शाह ने इस अवसर पर कडवा पाटीदार समाज को अभिनंदन देते हुए कहा कि आज रथयात्रा के शुभ दिवस पर अहमदाबाद के हृदय समान क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रालय परिसर का निर्माण किया गया है। कोई भी संस्था पाँच-दस वर्ष पूर्ण करे, तो भी उसे सफल बताया जाता है, परंतु कडवा पाटीदार समाज की यह संस्था सौ वर्ष पूरे करने वाली है। यह हमारे लिए आनंद व गौरव का विषय है। उन्होंने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा,“मैं इस विद्यार्थी भवन के भूमिपूजन के समय नहीं आ पाया था, परंतु आज आपने मुझे बुला कर मेरे मन की इच्छा पूरी की है।”
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कडवा पटेल समाज ने गुजरात के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। गुजरात व पटेल समाज का विकास समानांतर होता रहा है। इस समाज ने कठोर परिश्रम कर समाज के विकास के साथ-साथ राज्य एवं देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कडवा पाटीदार समाज की उत्तर गुजरात की कई संस्थाओं में पढ़-लिख कर आज लोग देश सेवाएँ कर रहे हैं। उन्होंने अपने छात्रकाल के छात्रावास जीवन और गृहपति श्री नटुभाई पटेल की अनुशासनबद्धता एवं छात्रों का ध्यान रखे जाने का स्मरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे चाहे जैसी परिस्थिति का हँसते-खेलते दृढ़तापूर्वक सामना कर आगे बढ़ें। जीवन में आगे बढ़ने के लिए एक लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निश्चित प्रयास करने चाहिए।
श्री शाह ने कहा कि कडवा पाटीदार समाज की इस संस्था ने गुजरात में बहुत बड़ा योगदान दिया है। इस पवित्र भूमि पर सरदार पटेल ने अनेक दिन बिताए हैं और स्वतंत्रता आंदोलन में बहुत बड़ा योगदान दिया है। यह संस्था आगामी दिवसों में उच्च शिक्षा के साथ-साथ शिक्षा का उजाला फैलाने का कार्य करेगी। उन्होंने स्वकल्याण के साथ सबका कल्याण करने का अनुरोध किया।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के लिए मरने की नहीं, अपितु देश के लिए जीने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि आप अच्छे आईएएस, आईपीएस, सीएम, डॉक्टर, अच्छे नागरिक या गृहिणी बनें, परंतु देश के लिए काम करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *