गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा:आप

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जेल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को पूरी तरफ़ क्षति पहुँचाने का षड्यंत्र कर रही है।
आप की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन कर रविवार को कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की गिरफ़्तारी के ज़रिए भाजपा जेल में श्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को पूरी तरफ़ क्षति पहुँचाने का षड्यंत्र कर रही है। भाजपा को पता था कि निचली अदालत के बाद सुप्रीम कोर्ट से भी श्री केजरीवाल को ज़मानत मिल जाएगी इसलिए उन्हें सीबीआई के फर्जी मामले में गिरफ़्तार करवा दिया गया।
सुश्री आतिशी ने कहा कि जेल में सही सही देखरेख न मिलने से कई बार रात में सोते हुए श्री अरविंद केजरीवाल का शुगर ख़तरनाक स्तर तक 50 के नीचे पहुँचा। डॉक्टरों के अनुसार शुगर लेवल का इस कदर नीचे गिरने से ब्रेन स्ट्रोक और कोमा में जाने का ख़तरा पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि तानाशाह अपने विरोधियों को जेल में रखकर उनके स्वास्थ्य को ख़राब कर जान लेने का प्रयास करते है। तिहाड़ में श्री अरविंद केजरीवाल के साथ भी यही हो रहा है। उन्होंने कहा कि जेल में अरविंद केजरीवाल की जान को ख़तरा है। उन्हें कुछ भी होता है तो उसके लिए भाजपा ज़िम्मेदार होगी।
आप नेता ने कहा कि भाजपा की साजिश सिर्फ श्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने तक की नहीं है। भाजपा की साज़िश श्री अरविंद केजरीवाल को मारने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *