गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का एक और आरोपी गिरफ्तार

सिरसा : हरियाणा के सिरसा में ‘विजन मार्केट’ के नाम से ‘चिटफंड कंपनी’ का गठन कर मोटे मुनाफे का झांसा देकर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा यूपी के अनेक लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक अंतर राज्य गिरोह के एक ओर आरोपी को पुलिस के आर्थिक अपराध, सेल ने पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला के पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ जोधा पुत्र सांई राम निवासी गांव सघा,पंजाब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस घटना का मुख्य आरोपी सुभाष पुत्र हंसराज व उसका भाई श्याम सुंदर निवासी गुड़िया खेड़ा, सिरसा तथा लाभ सिंह उर्फ लवली पुत्र भाल सिंह निवासी समाना ,पंजाब को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस संबंध में पतली डाबर निवासी लखबीर सिंह पुत्र जगतार सिंह की शिकायत पर बीती एक जनवरी 2024 को शहर के सिविल लाइन थाना सिरसा में विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपियों ने मिलकर साजिश के तहत लोगों से ठगी करने के उद्देश्य से विजन मार्केट के नाम से ‘चिटफंड कंपनी’ का गठन कर तथा शहर सिरसा में कार्यालय स्थापित कर वर्ष 2021 व 2022 की अवधि के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के करीब 1500 लोगों से अब तक करीब 24 /25 करोड रुपए की ठगी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी राकेश कुमार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से इस ठग गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा लोगों से की गई ठगी की राशि भी बरामद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *