भोपाल : मध्यप्रदेश के कटनी जिले से जुड़े एक वायरल वीडियो के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की ओर से जांच के निर्देश दिए जाने के बाद छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पुराने वीडियो में थाना शासकीय रेलवे पुलिस कटनी के पुलिसकर्मियों द्वारा बुजुर्ग महिला एवं बच्चे से की गई मारपीट के मामले को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी रेल को जांच के लिए निर्देश दिए थे। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर तत्कालीन थाना प्रभारी अरुणा वाहने सहित प्रधान आरक्षक अजय श्रीवास्तव और चार आरक्षक वर्षा दुबे, ओमकार सिरसाम, सोहेब अब्बासी एवं सलमान खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
साथ ही मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश में इस तरह के कदाचार की पुनरावृत्ति नहीं हो।
कटनी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी एक अधे़ड़ महिला और एक किशोर से मारपीट कर रहे थे। ये वीडियो पुराना बताया जा रहा है, जो अब वायरल हुआ है।
इसी बीच डॉ यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, ”थाना जी.आर.पी कटनी के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा मारपीट का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मेरे संज्ञान में आने पर तुरंत आज सुबह डीआईजी रेल को जांच हेतु मौके पर भेजने का निर्देश दिया गया था। प्रारंभिक जांच अनुसार तत्कालीन थाना प्रभारी जीआरपी कटनी सहित एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यह सुनिश्चित हो कि भविष्य में इस तरह के कदाचार की पुनरावृत्ति नहीं हो।”
कटनी वीडियो मामले में जांच के बाद छह निलंबित
