मैनपुरी : उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के भोगाँव क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम चरस बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस मादक पदार्थ की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गयी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज बताया कि भोगाँव थाना क्षेत्र में आलीपुर खेडा मार्ग पर जलालपुर गाँव के पास चेकिंग के दौरान एक कार से पुलिस को 10 किलोग्राम चरस बरामद हुई। तस्करों ने साइलेंसर के नीचे तहखाना बनाया हुआ था। 500 -500 ग्राम के 20 पैकेट तहखाने में रखे हुए थे। मादक पदार्थ चरस की तस्करी नेपाल से की गई थी। उन्होने बताया कि गिरफ्तार चारों तस्कर विमल राजपूत, अनुज,सौरभ शुक्ला और विवेक कानपुर के निवासी है। सभी को जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इस अभियान में लगी थाना भोगांव पुलिस व एस.ओ.जी टीम की प्रशंसा की है।
मैनपुरी में पांच करोड़ की चरस बरामद, चार गिरफ्तार
