बेंगलुरु : कर्नाटक में मांड्या जिले के नागमंगला कस्बे में बुधवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प हुई, जिसके बाद करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया और निषेधाज्ञा लागू कर दी गई।
मांड्या के उपायुक्त डॉ. कुमार ने गुरुवार को पुष्टि की कि हिंसा फिर से नहीं भड़के, इसलिये एहतियाती उपाय के तौर पर 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, हिंसा तब शुरू हुई जब गणेश विसर्जन जुलूस पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए, जिससे दो समूहों के बीच तनाव बढ़ गया और कई दुकानों तथा वाहनों में आग लगा दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था बहाल करने के लिए मैसूर और हासन से अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।राज्य के गृह मंत्री डॉ. परमेश्वर ने गणेश जुलूस पर पथराव और झड़पों को ‘आकस्मिक’ बताया और इसके पीछे किसी संप्रदाय विशेष का हाथ होने को नकार दिया। ।
मांड्या जिले के प्रभारी मंत्री एन चेलुवरायस्वामी ने शहर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए शांति बैठक बुलाने की योजना बनाई है। मांड्या के सांसद और केंद्रीय उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना की निंदा की और स्थानीय अधिकारियों पर जनता की सुरक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
कर्नाटक में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान झड़प, 40 लोग हिरासत में
