गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चंबल, सिंध उफान पर, भिंड के 63 गांवों में अलर्ट

भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले में सिंध नदी की बाढ़ के बाद अब चंबल नदी भी उफान पर होने के कारण जिले के लगभग 60 से भी ज्यादा गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
चंबल नदी खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही है। चंबल के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए 20 गांवों को अलर्ट किया गया है। पहले ही सिंध में आई बाढ़ के कारण लगभग तीन दर्जन गांव प्रभावित हो चुके हैं। सिंध की बाढ़ से अभी भी कई गांव घिरे हुए हैं। पिछले 24 घंटे में चंबल नदी का जलस्तर 1 मीटर तक बढ़ चुका है। इसी तरह क्वांरी नदी का भी जल स्तर लगातार बढ़ रहा है।
जिले की तीन नदियां चंबल, सिंध और क्वारी आज सुबह खतरे के निशान से क्रमश: दो, छह और तीन मीटर ऊपर बह रहीं थीं।
वहीं भारौली क्षेत्र के कुछ गांव पानी से घिर गए, जिससे इनका सीधा संपर्क अन्य क्षेत्रों से टूट गया। रौन थाना क्षेत्र के निवसाई गांव के भी पानी से घिरने के कारण सुरक्षा बलों के जवान यहां खाने के पैकेट लेकर पहुंचे। बैसली नदी में आई बाढ़ के कारण मचलसिंह के पुरा में कुछ लोग फंस गये जिनका रेस्क्यू कराया गया।
प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला कल बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने अमायन क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने कई गांव का भ्रमण किया। मंत्री श्री शुक्ला ने क्षेत्रीय लोगों से चर्चा की और अधिकारियों को ग्रामीणों की हरसंभव मदद दिए जाने की बात भी कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *