गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

किश्तवाड़ से भाजपा उम्मीदवार ने नेकां- पीडीपी पर लगाया धमकी का आरोप

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार शगुन परिहार ने बुधवार को आरोप लगाया कि मोहल्ला बागवान मतदान केन्द्र पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ( पीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।
सुश्री परिहार ने मीडिया से कहा, “नेकां-पीडीपी कार्यकर्ताओं ने मुझ पर आरोप लगाया और कहा कि मैं पीड़ित कार्ड खेल रही हूं और चुनाव में सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही हूं।” उन्होंने उन पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें उनके द्वारा पीड़ित बनाया गया है। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरे साथ बदसलूकी की और दुर्व्यवहार किया। नेकां-पीडीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे मुझे सबक सिखाएंगे।”
पूर्व मंत्री एवं पद्दर-नागसेनी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुनील शर्मा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा, “वे स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से हो रहे चुनाव को हाईजैक करना चाहते हैं। वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर हताश हैं।”
श्री शर्मा ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने हमारी बहन के साथ दुर्व्यवहार किया। पीडीपी का कोई अस्तित्व नहीं है और ऐसे लोगों को राजनीति में नहीं होना चाहिए।”
उन्होंने सुश्री परिहार के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि जल्द ही शिकायत दर्ज करायी जायेगी। गौरतलब है कि सुश्री परिहार के पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार की 2018 में पंचायत चुनावों से पहले कथित आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे भाजपा की किश्तवाड़ इकाई से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *