सुलतानपुर : उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में पिछले महीने सर्राफा व्यापारी के यहां हुयी लूट में वांछित एक लाख रुपये के ईनामी बदमाश को पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार भोर एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अजय उर्फ डीएम (21) 28 अगस्त को ठठेरी बाजार में सर्राफा व्यवसायी के यहां डकैती की घटना में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने चार किलो चांदी के आभूषण के अलावा हथियार एवं गोली बारुद बरामद किये हैं।
उन्होने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने जयसिंहपुर क्षेत्र में पीढ़ी-बगिया रोड पर नाकाबंदी की और भोर करीब पौने पांच बजे संदिग्ध बाइक सवारों को ललकारा जिस पर बदमाशों ने फायरिंग करते हुये भागने का प्रयास किया। जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश बाइक से गिर गया जिसे धर दबोचा गया। लुटेरे की पहचान अजय उर्फ डीएम के रुप में हुई जिसके कब्जे से सफेद धातु के आभूषण मिले। उसका साथी अंधेरा का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा ।
गौरतलब है कि ठठेरी बाजार में भरत ज्वैलर्स के यहां हुयी लूटपाट की घटना के सिलसिले में अब तक नौ लोगो को गिरफ्तार किया जा चुका है जिसमें से एक अभियुक्त मंगेश यादव को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है। अभी तक गिरफ्तार अभियुक्त से शत्त प्रतिशत सोने की बरामदी हो चुकी है जबकि करीब 25 किलो चांदी की बरामदगी हो चुकी है ।
सुलतानपुर में एक लाख का ईनामी लुटेरा गिरफ्तार
