नई दिल्ली : कांग्रेस ने ओडिशा में एक महिला वकील एवं सैन्य अधिकारी की मंगेतर के साथ पुलिस थाने मे हुए यौन शोषण को अत्यंत शर्मनाक घटना बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने और आधी आबादी से शुक्रवार को माफी मांगने की मांग की।
कांग्रेस सोशल मीडिया तथा डिजिटल प्लेटफार्म की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है कि जिस ओडिशा में महिला सशक्तीकरण की बात करते हैं लेकिन भाजपा शासित ओडिशा में एक वकील तथा सेना अधिकारी की मंगेतर के साथ थाने में यौन शोषण होता है। उसके साथ यौन शोषण पुलिसकर्मी करता है और यह घटना तब होती है जब ओडिशा में भाजपा सरकार अपने100 दिन पूरे कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देशभक्ति की बात करती है लेकिन भाजपा शासित राज्यों में आधी आबादी का सम्मान नहीं हो रहा है। मणिपुर में जिन दो बेटियों को आदमखोरों ने नोचा उनमें से एक कारगिल योद्धा की पत्नी है। सप्ताह पहले मध्य प्रदेश में महिला मित्रों के साथ घूमने गए सेना के दो अधिकारियों के साथ मारपीट की गई है। अब ओडिशा में यह शर्मनाक बात ओडिशा के पुलिस स्टेशन में होती है।
प्रवक्ता ने कहा कि श्री मोदी को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए और उन्हें इस तरह के मामालों में चुप्पी तोड़नी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा को भाजपा प्राथमिकता दे और मानवाधिकार आयोग ओडिशा के मामले को संज्ञान में ले। उनका कहना था कि भाजपा का संरक्षण अपराधियों को मिलता है इसलिए अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
ओडिशा यौन शोषण मामले में मोदी चुप्पी तोड़ें, माफी मांगे
