रामेश्वरम (तमिलनाडु) : श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप लगाकर तमिलनाडु के 17 मछुआरों को कथित तौर पर गिरफ्तार किया और उनके मछली पकड़ने वाले दो मशीनीकृत ट्रॉलर जब्त कर लिये।
प्रारंभिक रिपोर्टों में कहा गया है कि रामेश्वरम के थंगाचिमादम गांव के रहने वाले मछुआरों को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे श्रीलंका के डेल्फ़्ट द्वीप के पास समुद्र में मछली पकड़ रहे थे। गिरफ्तार मछुआरों और उनके ट्रॉलरों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए मन्नार ले जाया गया। साथी मछुआरों की गिरफ्तारी से नाराज बड़ी संख्या में मछुआरों ने मदुरै-रामेश्वरम राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से श्रीलंका द्वारा हिरासत में लिए गए सभी मछुआरों और नौकाओं को तत्काल रिहा कराने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की सुबह रामेश्वरम में मछली पकड़ने वाली घाट से 3,000 से अधिक मछुआरे नियमित मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे। श्रीलंकाई नौसेना ने इस साल अब तक तमिलनाडु के रामेश्वरम, थूथुकुडी, नागपट्टिनम और पुदुकोट्टई जिलों के 413 मछुआरों को गिरफ्तार किया है और द्वीप राष्ट्र के क्षेत्रीय जल में अवैध शिकार के कथित आरोप में कुल 55 मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर जब्त किए हैं। श्रीलंकाई नौसेना नियमित रूप से अपने क्षेत्रीय जल में भटकने वाले भारतीय मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों को खदेड़ने और मछुआरों को गिरफ्तार करने तथा उन पर हमला करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पर गश्त करती है।
श्रीलंका के नौसैनिकों ने तमिलनाडु के 17 मछुआरों को किया गिरफ्तार
