गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस दलित विरोधी, आरक्षण विरोधी पार्टी: मोदी

चंडीगढ़ : नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा के पलवल में विशाल जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुये कांग्रेस को दलित विरोधी, आरक्षण विरोधी बताया और झूठ फैलाने वाली पार्टी करार दिया।
श्री मोदी ने हरियाणा में फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अभी चुनाव अभियान चल रहा है, लेकिन आज जम्मू कश्मीर में अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ मैंने सामान्य कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक हरियाणा की जमीनी राजनीति को देखा है। बीते दिनों हरियाणा के अलग क्षेत्रों में मुझे चुनाव अभियान के दौरान जनता के बीच जाने का अवसर मिला है। आज गाँव-गाँव में चारों तरफ भाजपा की लहर है, हर जगह एक ही आवाज गूंज रही हैं कि “भरोसा दिल से भाजपा फिर से।”
उन्होंने कहा, “ हरियाणा में हमेशा ही यह चलन रहा है कि केंद्र में जिसकी सरकार रहती है हरियाणा में भी उसकी ही सरकार बनती है। हरियाणा की इस धरती ने हमें गीता का संदेश दिया है। हरियाणा ने हमें सिखाया है कि काम करो, मेहनत करो, लेकिन कांग्रेस का फॉर्मूला है कि न काम करो और न दूसरे लोगों को काम करने दो। कांग्रेस की राजनीति केवल झूठे वादों तक सीमित रहती है जबकि भाजपा की राजनीति मेहनत करना और उसे प्रमाणित करने पर केंद्रित है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि हरियाणा की जनता उन्हें थाली में परोसकर सत्ता दे देंगी, ऐसी ही गलतफहमी कांग्रेस को मध्यप्रदेश में भी थी। वहाँ भी कांग्रेस के लोग पहले ही जीत का जश्न मनाने लग गये थे, लेकिन वोटिंग के दिन मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस को दिन में ही तारे दिखा दिये। राजस्थान में भी कांग्रेस ने किसानों और नौजवानों को भाजपा के खिलाफ भड़काने की कोशिश की थी, लेकिन वहाँ भी कांग्रेस धड़ाम हो गई और हरियाणा में भी कांग्रेस के साथ ऐसा ही हाल होने जा रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोग कांग्रेस को सरकार से सैंकड़ों मील दूर रखने का काम करेंगे। हरियाणा में कांग्रेस के भीतर जो कलह मची है हरियाणा के लोग उससे भी भली भांति वाकिफ है। कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी दलित, पिछड़े और वंचित समाज की है। दलित समाज ने ठान लिया है कि अब बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिये अब दलित मोहरा नहीं बनेंगे। दलित देख रहा कि कैसे भाजपा सबको समान अवसर दे रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी बहुत ही विनम्रता के साथ सबको साथ लेकर चल रहे हैं। कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश पर राज किया और लोगों को बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, पक्के घर जैसी मूलभूत सुविधाओं से तरसा कर रखा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार का हाल यह था कि एक रुपया अगर दिल्ली से निकलता था गरीब के घर तक जाते जाते 15 पैसा ही बचता था। आज देश पूछ रहा है कि वह कौन सा पंजा था जो एक रुपए को घिस घिस कर 15 पैसा बना देता था। गरीबों के हक को लूटने वाले गरीबी हटाने का नारा देते थे। कांग्रेस ने देश के लिये जरूरी हर विषय को उलझाये रखा। कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया, जम्मू कश्मीर में बाबा साहेब डाॅ भीमराव अंबेडकर का संविधान पूरी तरह से लागू नहीं होने दिया, महिलाओं को संसद में आरक्षण से वंचित रखा, मुस्लिम बहनों को तीन तलाक जैसी कुप्रथा में उलझाये रखा। कांग्रेस ने कभी देश और देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया बल्कि अपने बेटे, बेटी और अपने परिवार को स्थापित करने में ही अपनी पूरी शक्ति लगा दी। कांग्रेस जवाब दे कि इतने पाप करने के बावजूद भी सरकार बनाने के सपने कैसे देखती है।
उन्होंने रैली में उमड़ी भीड़ से कहा कि कांग्रेस के लोग गालियां दे रहे हैं।‌ श्री मोदी ने कहा,
“ कांग्रेस के लोग मुझे और नायब सैनी को इसलिये गाली दे रहे हैं क्योंकि हम दोनों अति पिछड़ी जाति की माताओं के बेटे हैं। ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *