देहरादून : उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में शुक्रवार शाम बारातियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा जिससे, तीन की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गये। गम्भीर रुप से घायल तीनों लोगों को देहरादून और सात को कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लैंसडौन क्षेत्र के डेरियाखाल-रिखणीखाल मोटरमार्ग पर ग्राम नौगांव के समीप बरातियों से भरा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में एक बच्चे समेत 14 लोग सवार थे। दुर्घटना का कारण वाहन का ओवरलोड होना और सड़क का संकरी होना बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बरात में शामिल युवक ने जबरन गाड़ी चलाने की जिद की थी। चालक को ड्राइविंग सीट से हटाकर वह खुद वाहन चला रहा था। करीब डेढ़ किमी चलने पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
बताया जाता है कि कोटद्वार से लगभग 60 किलोमीटर दूर जयहरीखाल ब्लाक की ग्राम सभा ल्वींठा के गुनियाल गांव से एक बरात रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम बसड़ा गई थी। शाम करीब साढ़े छह बजे बरात दुल्हन को लेकर लौट रही थी। बरात में शामिल एक मैक्स डेरियाखाल से करीब 21 किलोमीटर पहले अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना में गुनियाल गांव निवासी मुकेश, कलाल घाटी निवासी नूतन गुसांई और धीरज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को 108 सेवा सहित अन्य वाहनों से कोटद्वार बेस चिकित्सालय भेजा। लैंसडौन कोतवाली प्रभारी मोहम्मद अकरम ने बताया कि जिस जगह दुर्घटना हुई, वहां सड़क काफी संकरी है।
घायलों में अद्वैत रावत, आयुष नेगी, सुरती देवी, नरेंद्र सिंह, सरदार सिंह नेगी, शिव नंदन, कल्याण सिंह, दिनेश चंद, प्रीति रावत, दीप्ती रावत शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल सरदार सिंह, नरेंद्र सिंह और कल्याण सिंह को देहरादून रेफर किया गया है। इस बीच विधायक दिलीप सिंह रावत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उत्तराखंड में वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत, 10 घायल
