गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

डीआरआई ने 1.61 करोड़ रुपये मूल्य का 808 किलोग्राम गांजा जब्त किया, तीन गिरफ्तार

हैदराबाद : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 808.18 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसका बाजार मूल्य 1.61 करोड़ रुपये है।
डीआरआई ने रविवार देर रात एक बयान जारी कर बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने पांच अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के जग्गमपेटा में कृष्णावरम टोल प्लाजा पर एक टाटा ट्रक को रोका, जिसमें इस प्रतिबंधित सामग्री को फलों के खाली बक्सों के नीचे छुपाकर ले जाया जा रहा था।
ट्रक के साथ चल रहे एक पायलट वाहन में सवार व्यक्तियों ने डीआरआई टीम को आते देख टोल गेट बैरियर से टकराकर अधिकारियों से बचने की कोशिश की। सतर्क डीआरआई अधिकारियों ने एक घंटे तक पीछा करने के बाद ट्रक के साथ चल रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
निरीक्षण करने पर 808.18 किलोग्राम गांजा के साथ ट्रक और पायलट वाहन दोनों को जब्त कर लिया गया। ट्रक के चालक और पायलट वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अवैध पदार्थ को पड़ोसी राज्यों में ले जाने की बात स्वीकार की।
डीआरआई ने बयान में कहा कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गांजा और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को 12 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *