गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बंगाल में विस्फोट में पांच लोगों की मौत, चार घायल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार को ट्रक में विस्फोटकों के साथ रखे डेटोनेटर में विस्फोट होने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट भदुलिया के पास लोकपुर में एक बंद कोयला खदान के पास सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ, जब मजदूर विस्फोटक उतार रहे थे। जबरदस्त विस्फोट के कारण कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मजदूरों के शव कई टुकड़ों में बंट गये और विस्फोट स्थल से करीब 500 मीटर के दायरे में बिखर गये। विस्फोटकों से लदा ट्रक भी टूट गया और उसकी छत उड़ गयी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल से पांच लोगों के शवों के टुकड़े और तीन से चार घायलों को ले जाये जाते हुए देखा। यह इलाका बंजर है और यहां कोई आबादी नहीं है।
अभी तक पीड़ितों की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि विस्फोटक से लदे ट्रक को पाने वाले लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *